Featured

मधुबनी में SSB की ‘हर घर तिरंगा’ रैली:11km लंबी रैली में देशभक्ति नारों से गूंजा शहर, फूल बरसा कर किया स्वागत।

मधुबनी के सीमावर्ती क्षेत्र जयनगर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ रैली का सोमवार को आयोजन किया गया। रैली लगभग 11 किलोमीटर लंबे रास्ते से होकर वापस मुख्यालय पर संपन्न हुई।

इस रैली का आयोजन कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी के निर्देशन और द्वितीय कमान अधिकारी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुआ। इसमें उप कमांडेंट विवेक ओझा, सहायक कमांडेंट (संचार) नरेन्द्र कुमार सिंह, 13 अधीनस्थ अधिकारी, 60 अन्य बलकर्मी तथा महिला कर्मियों ने हिस्सा लिया।

‘हर घर तिरंगा’ रैली में शामिल SSB के जवान।

“भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” की गूंज

रैली वाहिनी मुख्यालय से प्रारंभ होकर जयनगर रेलवे स्टेशन, शहीद चौक, जयनगर बाजार, कमला पुल, बाईपास हाईवे होते हुए देवधा तक पहुंची। फिर वापस मुख्यालय लौटी। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति के नारे लगाए। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम”, और “हर घर तिरंगा” के नारों से वातावरण गूंजायमान हो उठा। स्थान-स्थान पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा और तालियों से प्रतिभागियों का स्वागत किया।

‘तिरंगा हमारी राष्ट्रीय पहचान और गर्व का प्रतीक’

द्वितीय कमान अधिकारी हरेंद्र सिंह ने रैली के दौरान कहा, “तिरंगा हमारी राष्ट्रीय पहचान और गर्व का प्रतीक है। इस रैली का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को प्रेरित करना है। वे अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाएं।” उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि जन-जन की भागीदारी का उत्सव है। इसमें हर नागरिक की भूमिका अहम है।

रैली का समापन वाहिनी मुख्यालय में

रैली का समापन वाहिनी मुख्यालय में हुआ। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे के सम्मान में सिर झुकाया। इसके बाद सभी ने संकल्प लिया कि वे इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे। अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान बलकर्मियों का जोश और अनुशासन देखने लायक था। रैली ने जयनगरवासियों के बीच देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। स्वतंत्रता दिवस के माहौल को जीवंत बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *