मधुबनी में युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुले हैं। श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार और मधुबनी जिला नियोजनालय विभाग के संयुक्त देखरेख में टाउन क्लब मैदान में एक दिवसीय रोजगार सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस रोजगार मेले में 40 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। जिन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
इस दौरान युवाओं को स्वरोजगार के बारे में मार्गदर्शन देने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों ने भी अपने स्टॉल लगाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव ने कहा कि यह मेला युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है। उन्होंने बताया कि इस नियोजन मेले के माध्यम से युवा अपनी योग्यता के अनुसार न केवल रोजगार प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। यह पहल स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



