सहरसा : सहरसा एयरपोर्ट का रनवे होगा 2.5 किमी लंबा:100 एकड़ जमीन चिह्नित, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सेवा शुरू करने की घोषणा की
कोसी क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर करने की दिशा में एक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहरसा में हवाई अड्डे से छोटे विमानों की उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है, जिससे सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
एडीएम संजीव चौधरी ने कहा कि एयरपोर्ट के जमीन का विस्तार को लेकर नापी का काम पूरा किया गया है। शहर से हवाई सेवा शुरू को लेकर पहल की गयी है। वर्तमान में सहरसा एयरपोर्ट का रनवे 950 मीटर लंबा और लगभग 800 फीट चौड़ा है, जो व्यवसायिक उड़ानों के लिए पर्याप्त नहीं है। इसे विस्तारित करने की योजना के तहत, प्रशासन ने एयरपोर्ट के पश्चिमी भाग में करीब पौने दो किलोमीटर लंबी और 700 फीट चौड़ी अतिरिक्त भूमि को चिह्नित किया है।
100 एकड़ जमीन में बसा है परिवार
विस्तार पश्चिमी दिशा में ही संभव है, क्योंकि पूर्वी भाग में पटेल मैदान, प्रमुख कार्यालय और टेन कोर्ट भवन स्थित हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, चिह्नित की गई लगभग 100 एकड़ जमीन नरियार मौजा की है, जिसमें 20-25 परिवार रह रहे हैं और बाकी हिस्सा ग्रीनफील्ड है।
एडीएम संजीव चौधरी ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। विस्तार के बाद रनवे की लंबाई 2.5 किलोमीटर से अधिक हो जाएगी, जो छोटे व्यवसायिक विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त होगी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई संभव हो सकेगी।
