पटना IMD के अनुसार, बिहार में अभी ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिलने वाली है. हालांकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है. लेकिन सुबह-शाम और रात में ठंड का असर बना हुआ है. कई जगहों पर कोहरा भी परेशानी का सबब बन रहा है.
बिहार में ठंड का कहर,पश्चिम चंपारण में बर्फीली हवाओं का प्रकोप,
बिहार के कुछ ज़िलों में ठंड का असर कुछ कम हुआ है, लेकिन कुछ ज़िले ऐसे भी हैं जहां मौसम का मिजाज़ गड़बड़ चल रहा है.क्षेत्रफल के अनुसार सूबे का सबसे बड़ा ज़िला पश्चिम चम्पारण भीषण ठंड की चपेट में है.खासकर बगहा तथा वाल्मीकि नगर जैसे वनवर्ती क्षेत्रों में तापमान बेहद गिर चुका है .रविवार सुबह का तापमान 9 डिग्री तक दर्ज किया गया है.
जहां तक बात कोहरे की है, तो ज़िले का एक क्षेत्र घने कोहरे की चपेट में हैं. हिमालय की तराई तथा नेपाल से सटे होने के कारण इस क्षेत्र में ठंडी हवाओं का प्रकोप बेहद अधिक देखने को मिल रहा है.यही कारण है कि ज़िले के अन्य भागों की तुलना में बगहा तथा वाल्मीकि नगर का तापमान बेहद कम पहुंच चुका है.
शीतलहर की चपेट में रहेंगे बिहार के ये जिले
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार 26 जनवरी की सुबह घने कोहरे के साथ हुई. इससे ठंड का असर और बढ़ गया. विभाग का कहना है कि 26 जनवरी की सुबह 6 बजे से 11 बजे तक 6-10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलेंगी. सूबे के लगभग 25 जिलों में हल्का से मध्यम तथा 9 जिलों में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं. उत्तर बिहार के तराई वाले इलाकों में आज घना कोहरा छाया रहेगा. सोमवार 27 जनवरी को भी कोहरा रहने की पूरी संभावना है.अगले चार दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, हालांकि उसके बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है.
29 जनवरी से तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विभाग की माने तो, जेट स्ट्रीम पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय है. यह समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर है. 29 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की प्रबल संभावना है. इससे न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. तराई वाले 10 जिलों में घना कोहरा और शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं. पश्चिमी विक्षोभ एक तरह का मौसम परिवर्तन होता है, जो सर्दियों में बारिश तथा पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ला सकता है.
इन जिलों में तेज पछुआ हवा
बता दें कि 26 जनवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घना कोहरा रहेगा. पटना, बक्सर, भोजपुर, गया, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, नवादा, रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर में तेज पछुआ हवाएं चलेंगी तथा न्यूनतम तापमान 6 से 12 डिग्री के बीच रह सकता है.




