सहरसा : आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर भूकम्प सुरक्षा पखवाड़ा आयोजित:सहरसा में हर पंचायत से 5 राजमिस्त्री-स्वयंसेवकों को मिलेगा प्रशिक्षण,DM ने 10 प्रखंडों को दिया निर्देश
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर सहरसा में भूकम्प सुरक्षा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी वैभव चौधरी ने सभी 10 प्रखंडों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया हैं। कार्यक्रम 27 जनवरी से 7 फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक प्रखंड में दोपहर 2 बजे से प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे। हर पंचायत से 5 सामुदायिक स्वयंसेवक, 5 राजमिस्त्री, आवास सहायक और भवन निर्माण सामग्री विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस दौरान विद्यालयों में छात्रों के लिए कार्यशालाएं, पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की बैठकें, और सामुदायिक जागरूकता के लिए रैली, नुक्कड़ नाटक और मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। NSS, NCC कैडेट्स और स्थानीय एनजीओ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। चेतना रथ के माध्यम से पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी अंचल अधिकारियों को कार्यक्रम का संक्षिप्त प्रतिवेदन और 3-10 छायाचित्र जिला कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
डीएम ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भूकम्प से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए जनता को जागरूक और तैयार करना है।




