विश्व जनसंख्या दिवस’ पर विश्वविद्यालय अर्थशास्त्र विभाग में व्याख्यान का हुआ आयोजन
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय अर्थशास्त्र विभाग, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में विभागाध्यक्ष डॉ रवीन्द्र नाथ तिवारी की अध्यक्षता में एक व्याख्यान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या, सतत विकास, युवाओं के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता तथा मानव संसाधन विकास जैसे समसामयिक विषयों पर जागरूकता उत्पन्न करना था। अपने स्वागत उद्बोधन में विभागाध्यक्ष डॉ रवीन्द्र नाथ तिवारी ने कहा कि जनसंख्या किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बन सकती है, यदि उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और समान अवसर उपलब्ध कराए जाएँ। उन्होंने युवाओं को देश के विकास का प्रमुख आधार बताते हुए जनसंख्या और विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता टी. पी. कॉलेज, पटना के प्रधानचार्य एवं श्याम प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो तपन कुमार शांडिल्य ने अपने व्याख्यान में कहा कि बढ़ती जनसंख्या अपने आप में चुनौती नहीं है, बल्कि यह इस बात पर निर्भर करती है कि मानव संसाधनों का विकास किस प्रकार किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना सतत विकास की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से जनसंख्या संबंधी मुद्दों को केवल सांख्यिकीय दृष्टि से नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक एवं मानवीय दृष्टिकोण से समझने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता ने आगे कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ, सम्मानजनक रोजगार तथा जीवन एवं परिवार से जुड़े निर्णय लेने की स्वतंत्रता प्रदान करना एक समतामूलक और समावेशी समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर विश्व जनसंख्या दिवस-2026 की वैश्विक थीम “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना आज और भविष्य के लिए” पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग की शिक्षिका डॉ शीला यादव द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो विजय कुमार यादव ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जी. एम. आर. डी. कॉलेज, मोहनपुर के डॉ संतोष कुमार एवं आर. सी. एस. कॉलेज, मंझौल के डॉ विजय कुमार पासवान तथा विभाग के शिक्षक- डॉ प्रणतारती भंजन, डॉ मसरूर आलम एवं डॉ अबसार आलम, शोधार्थी, कृष्ण कुमार यादव, रितेश कुमार, शिवम कुमार, अमित कुमार, अमन तथा बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित थे।