बेगूसराय : डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल में छाई बेगूसराय की तेजस्विनी:इटवा डीएवी की छात्रा ने दी शानदार प्रस्तुति, भुवनेश्वर में हुआ शानदार आयोजन
भुवनेश्वर में डीएवी द्वारा आयोजित डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल में बेगूसराय की छात्रा तेजस्विनी ने शानदार प्रदर्शन कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। बेगूसराय स्थित इटवा डीएवी की छात्रा तेजस्विनी ने जब मंच पर प्रस्तुति दी तो हर कोई झूम उठा।
स्कूल के प्राचार्य-सह-क्षेत्रीय सहायक अधिकारी सविता ने बताया कि भुवनेश्वर में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के प्रत्येक क्षेत्र से एक से बढ़कर एक प्रतिभाशाली छात्र और शिक्षक अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए उपस्थित हुए।
कार्यक्रम स्थल पर तेजस्विनी।
कार्यक्रम में शामिल होकर फिल्मी सितारों ने भी अपना अनुभव साझा किए। हर्ष का विषय यह है कि जिस उत्सव में भारत के प्रत्येक कोने से प्रतिभाशाली प्रतिभागी अपनी-अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे। उसमें इटवा डीएवी की छात्रा तेजस्विनी की सुरीली आवाज ने सबका दिल कुछ इस प्रकार जीता कि सभी भाव विभोर हो गए।
डीएवी के प्रेसिडेंट पूनम सूरी ने आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, डीएवी सेंटर फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस (सीएई) के निदेशक डॉ. निशा पेशिन ने मोमेंटो देकर पुरस्कृत करते हुए तेजस्विनी के प्रतिभा की सराहना की है। वह पल हम सबके लिए गौरवान्वित करने वाला रहा।
बिहार का स्टॉल।
सविता ने उस जादू भरी आवाज की मल्लिका तेजस्विनी की पहचान कराते हुए गर्व से कहा कि इसकी आवाज ही इसकी पहचान है। उस उत्सव में विद्यालय के संगीत शिक्षक अंजनी कुमार ने भी अपनी मधुर आवाज से उपस्थित अतिथियों तथा श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर सबकी सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी राज्य के शिक्षकों ने अपने-अपने राज्य की ख्याति प्राप्त वस्तुओं की छोटी दुकान (स्टॉल) लगाकर अपने राज्य की पहचान कराई। बिहार के शिक्षकों ने अपनी दुकान (स्टॉल) की पहचान मधुबनी पेंटिंग, तिलकुट, मखाना जैसी प्रमुख वस्तुओं से कराई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने डीएवी के सफलता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
