Featured

मधुबनी : मखाना उत्पादकों को भी डीजल अनुदान का लाभ देने के लिए विभागीय पत्राचार का निर्देश

बैठक . वर्षापात, धान आच्छादन, डीजल अनुदान, सम्मान निधि योजना की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत चर्चा
बुधवार को डीएम अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम की ओर से वर्षापात, धान आच्छादन, डीजल अनुदान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मिट्टी जांच, पश्चिमी कोशी नहर से सिंचाई की अद्यतन स्थिति इत्यादि बिंदुओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि अभी तक जिले में लक्ष्य का 95 प्रतिशत रोपनी हुई है।

डीजल अनुदान की समीक्षा के क्रम में बैठक में उपस्थित किसानों के द्वारा डीएम से अनुरोध किया गया कि मखाना उत्पादक किसानों को भी डीजल अनुदान का लाभ मिलना चाहिए। इस पर डीएम ने बैठक में उपस्थित सहायक निदेशक, कृषि अभियंत्रण को निर्देश दिया कि विभाग को मखाना उत्पादक किसानों को भी डीजल अनुदान का लाभ देने के लिए विभाग को पत्राचार किया जाए।

मिट्टी जांच के समीक्षा के क्रम में डीएम ने सहायक निदेशक, रसायन को निर्देश दिया कि संग्रहित किए गए मिट्टी नमूने को विश्लेषित कर मृदा स्वास्थ्य कार्ड किसानों को जल्द उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा के क्रम में किसानों के द्वारा बताया गया कि कुसमार, खुटौना, महिनाथपुर, रामपट्टी, राजनगर में नहर के पानी से सिंचाई की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इस पर डीएम ने पश्चिमी कोशी नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि किसानों को पाइप लगाकर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसानों के खेत की पर्याप्त सिंचाई हो सके। किसानों के द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड नवीनीकरण एवं नए किसान क्रेडिट कार्ड बैंकों के द्वारा नहीं बनाए जाने के संबंध में भी डीएम को जानकारी देकर अवगत कराया गया। डीएम ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया के जिला स्तरीय बैंकर्स समिति के बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी को भी बुलाया जाए एवं मत्स्य उत्पादक किसानों तथा फसल उत्पादक किसानों को भी केसीसी का लाभ मिले, इस दिशा में कार्रवाई की जाए। इसके बाद जिला स्तरीय बागवानी समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सहायक निदेशक, उद्यान के द्वारा उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। डीएम के द्वारा उद्यान निदेशालय, पटना के द्वारा आयोजित मखाना महोत्सव में भाग लेने वाले किसानों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया।

फसल उत्पादक किसानों को केसीसी का लाभ मिले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *