Featured

सपा से नाता तोड़, बीजेपी का दामन थामेंगे शिवपाल यादव के करीबी।

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश निकाय चुनावों में बीजेपी लगातार सपा को झटके दे रही है। गुरुवार को कई कांग्रेस और सपा नेता बीजेपी में शामिल हुए थे। अब शिवपाल यादव के एक करीबी नेता अजय त्रिपाठी मुन्‍ना भी बीजेपी का दामन थामने जा रहे हैं। शुक्रवार को वह लखनऊ बीजेपी मुख्‍यालय में अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हो जाएंगे। डिप्‍टी सीएम बृजेश पाठक इस मौके पर मौजूद रहेंगे। इससे पहले कांग्रेस नेता दिलप्रीत सिंह ने बीजेपी जॉइन किया था। वह कांग्रेस में टिकट वितरण से नाराज चल रहे थे।

अजय त्रिपाठी मुन्‍ना के साथ पूर्व पार्षद अजय अवस्‍थी बंटी, ताज खान समेत कई जिलों के समर्थन बीजेपी में शमिल होंगे। सपा के प्रदेश सचिव रहे अजय त्रिपाठी मुन्‍ना 2017 में पार्टी में अलगाव के बाद शिवपाल के साथ चले गए थे। वह शिवपाल यादव की पार्टी प्रसपा के प्रदेश प्रमुख महासचिव भी रह चुके हैं। शिवपाल ने जब पूरे यूपी में समाजवादी परिवर्तन यात्रा निकाली तो अजय त्रिपाठी ने उसमें महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

बताया जा रहा है कि 2022 विधानसभा चुनाव में अजय त्रिपाठी ने लखनऊ उत्‍तर से सपा का टिकट मांगा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। शिवपाल यादव के कहने पर उन्‍होंने लखनऊ मेयर पद के लिए अपनी तैयारी शुरू की थी, पर यह पद महिला के लिए आरक्षित हो गया। दूसरी ओर, निकाय चुनाव में प्रत्याशियों की तैयारी का जायजा लेने के लिए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सभी 110 वार्डों के प्रभारियों की बैठक बुलाई है। प्रभारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। सपा मुख्यालय में होने वाली बैठक में चुनाव संचालन समिति के प्रभारी अरविंद सिंह गोप भी पार्टी अध्यक्ष को चुनावी तैयारी की जानकारी देंगे।

बताया जा रहा है कि बैठक में वॉर्ड प्रभारियों से चर्चा के बाद चुनावी प्रचार में बड़े नेताओं को उतारा जा सकता है। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी नाम है। माना जा रहा है कि प्रत्याशियों के समर्थन में वह विधानसभा वार रोड शो निकाल सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव के साथ मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव और शिवपाल यादव भी मौजूद रहेंगे। रोड शो में पार्टी की ओर विधायक रविदास मेहरोत्रा और विधायक अरमान खान के क्षेत्र में आने वाले वॉर्डों को खासकर शामिल किया जा रहा है। पार्टी के इंटरनल सर्वे में भी पुराने शहर में ज्यादातर प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है। माना जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम तक सपा के बड़े नेताओं के प्रचार अभियान का रोडमैप जारी कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *