बेगूसराय : बेगूसराय में रंगपुष्प की ओर से नाटक प्रस्तुति का आयोजन:अकेली औरत घर में की थीम पर कार्यक्रम, दिखाई गई समाज में औरतों की पीड़ा
द फैक्ट आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी बेगूसराय द्वारा बीते रात रंगपुष्प की नाट्य प्रस्तुति ‘अकेली औरत घर में’ की शानदार प्रस्तुति फैक्ट स्पेस में की गई। एकल प्रस्तुति इस नाटक का निर्देशन और अभिनय दोनों ही खुशबू कुमारी ने किया।
खुशबू कुमारी द्वारा अभिनीत और निर्देशित नाटक में पुरुषों द्वारा महिलाओं पर होते दमन और समाज में औरतों की पीड़ा को एकल अभिनय द्वारा बहुत ही बारीकी से लोगों के सामने प्रस्तुत किया गया। जिसे दर्शकों ने खूब सराहा है। प्रस्तुति देती खुशबु कुमारी।
नाटक की कहानी
इस नाटक की नायिका को उसका पति फ्लैट में बंद करके रखता है। कमरे में बंद नायिका कई काल्पनिक चरित्र से बातचीत करते हुए अपने पर बीती पुरुषों के दमन की कहानी दर्शकों को सुनाती है। अपने दर्द को कभी हास्य, गुस्से को, दर्द को प्रेम में बदलकर बहुत ही मजाकिया ढंग से अभिनेत्री ने पूरे चरित्र को जिया।
अपने पति द्वारा किए गए बर्ताव और अपनी जिंदगी में हुए प्रेम की व्याकुलता और सतह के नीचे स्थित दर्द पकड़ने का भरपूर प्रयास ने खुशबू को अभिनय को सजीव कर दिया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा फैलोशिप के तहत प्रस्तुत अकेली औरत घर में नाटक डारियो फो व फ्रेंका रामे की रचना है।
निर्देशन और अभिनय दोनों ही खुशबू कुमारी ने किया।
प्रकाश परिकल्पना चिंटू कुमार, साउंड चंदन कश्यप, सहायक अभिनेता वैभव कुमार, सुंदरम आदि के सफल संयोजन में नाटक ने दर्शकों को काफ़ी प्रभावित किया। मंचन से पहले उद्घाटन एनएसडी दिल्ली के प्राध्यापक अजय कुमार, कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम, एनएसडी वाराणसी के निदेशक प्रवीण गुंजन एवं फैक्ट के अध्यक्ष बीआरके सिंह राजू ने किया। मंच संचालक संतोष राही थे ।
