सहरसा : सरकारी विद्यालय में मानव तस्करी से निपटने के टिप्स मिले:सहरसा में अन्य बिन्दुओ को लेकर लड़कियों को जागरूक किया गया, गुड-बैड टच बताया
सहरसा के महावीर चौक स्थित रूपवती कन्या उच्च विद्यालय में बच्चियों के बीच कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। महिला थानाध्यक्ष डोली रानी के नेतृत्व में बालक और मानव तस्करी के रोकथाम से संबंधित एवं बच्चों से लैंगिक दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए नाबालिग लड़कियों के बीच जागरूक किया गया।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं और बच्चियों को गुड टच, बैड टच के संबंध में जानकारी देना और उससे बचाव के उपाय, अनजान लोग दूल्हा बनकर आते हैं और चकाचौंध दिखाकर शादी करके ले जाकर मानव व्यापार के संबंध में जानकारी और बचाव का उपाय, महिला हेल्प लाइन नंबर-181 चाइल्ड लाइन नंबर-1098 एवं आपातकालीन नम्बर-112 के संबंध में जानकारी देना तथा इन नंबरों के अलावा अपने घर, परिवार के नम्बरों को याद करना की सलाह दी गयी।
इस दौरान सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों से सम्पर्क का नुकसान और बचाव का तरीका से अवगत कराया गया। अंजान लोगों द्वारा दिया गया खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, प्रसाद के ग्रहण करने से नुकसान तथा बचाव के उपाय बताये गए। नाबालिग विवाह का नुकसान के संबंध में बताया गया तथा आसपास रहने वाले नाबालिग विवाह के संबंध में महिला हेल्प लाइन नंबर-181 पर सूचना देने की जानकारी दी गई। सहेली या दोस्त की जानकारी से माता, बड़ी बहन और पिता को अवगत कराने का महत्व पर प्रकाश डाला।
थानाध्यक्ष ने अभिभावक के बगैर सहमति का यात्रा से परहेज करने की अपील भी की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिला स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे है। महिला थानाध्यक्ष डोली रानी ने कहा कि अब तक जिले के दर्जनों विद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं और लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस मुख्यालय (अपराध अनुसंधान विभाग, कमजोर वर्ग प्रभाग) के माध्यम से बालक और मानव तस्करी के रोकथाम से संबंधित एवं बच्चों से लैंगिक दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए जिला स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने के निर्देश के आलोक में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
