Featured

बेगूसराय : भारत रत्न के लिए परफॉर्मेंस दिखाना चाहिए:JDU के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा बोले, केंद्र सरकार चाहेगी तो सम्मान देगी

बेगूसराय में शनिवार को राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा पहुंचे। उन्होंने लालू यादव को भारत रत्न देने की मांग पर कहा कि इस पर पहले ही हमारी पार्टी ने कहा है, यह उनके दल के लोग की बात है। हर व्यक्ति और हर दल को अधिकार है कि वह मांग करे।

मांग करने में क्या है, अगर सरकार विचार करती है, केंद्र सरकार बोलती है कि उन्हें भारत रत्न मिलना चाहिए तो दे, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है। अभी उसके बारे में हम क्या कहें। उनकी मांग है, वह मांग रहे हैं। अपना परफॉर्मेंस दिखाना चाहिए कि उन्होंने क्या किया है कि भारत रत्न मिले। केन्द्र सरकार अगर चाहेगी तो भारत रत्न दे।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा का स्वागत।
शराब बंदी हटाना महिलाओं और बच्चों के साथ धोखा

राजद के शराब बंदी पर लगातार सवाल उठाए जाने और तेजस्वी को शराब माफिया से करोड़ों की फंडिंग जाने की जदयू की बात पर उन्होंने कहा कि हमारे मुख्य प्रवक्ता ने शराबबंदी पर सभी बातें कह दी है। विस्तार से पूरी बात कही है कि मामला क्या है।

कई लोग हैं, जिन्हें कंपनियों से फंडिंग हो रही है तो यह चिंता का विषय है। आप शराबबंदी को हटाना चाहते हैं, जिस समय शराबबंदी हुई थी उस समय सभी पार्टियों ने मिलकर समर्थन किया था। जब उसकी नीति बनी थी तो सभी ने मिलकर सर्वसम्मति से पास किया था।

शराब बंदी हटाना महिलाओं और बच्चों के साथ धोखा है। जब नीति बनाते हैं तो सर्वसम्मति से पास करते हैं। बाद में जब उसमें कठिनाई आती है तो आप भाग खड़े होते हैं। फिर शराब कंपनियों से पैसा लेने की बात होती है, यह गलत बात है बहुत ही गलत बात है।

चुनाव लड़ने दीजिए, पता चल जाएगा क्या स्थिति है

भाजपा और आरएसएस की ओर से हिंदू बांटोगे तो कटोगे की बात पर उन्होंने कहा कि जो लोग यह बात कर रहे हैं उन्हीं से पूछना चाहिए। जो यह बोलते हैं उनसे आप सवाल पूछते नहीं हैं।

जदयू की नीति बहुत साफ है, हम समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं। आज तक यही काम हमारे नेता नीतीश कुमार ने पूरे प्रदेश में किया है। सबको साथ लेकर चले हैं, आगे भी जब मौका मिलेगा हम सभी वर्गों और सभी धर्म को साथ लेकर बढ़ाने का काम करेंगे। यही हमारी नीति है।

विधानसभा उप चुनाव में प्रशांत किशोर क्या फैक्टर होगा के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह कितना प्रभावित करेंगे, जनता बताएगी। चुनाव लड़ने दीजिए, उसके बाद भी पता चल जाएगा कि क्या स्थिति है।

कार्यकर्ता समागम का आयोजन

मनीष वर्मा ने कहा कि पूरे बिहार में जदयू की ओर से कार्यकर्ता समागम का आयोजन किया जा रहा है। 7 जिलों में यह कार्यक्रम हो चुका है, इसी सिलसिले में आज बेगूसराय में समागम का आयोजन किया गया‌। इसके जरिए हम पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष से बात करते हैं। विधानसभा के कार्यकर्ताओं से भी बात होती है।

विधानसभावार भी बात करते हैं, सबसे फीडबैक लेते हैं। क्या परेशानी है, कैसे पार्टी संगठन को मजबूत किया जाए। इस पर चर्चा होती है। इस तरह से पूरी व्यवस्था को किस तरह से और मजबूत किया जाए, इस पर काम हो रहा है। आगामी चुनाव में भी हमारा परफॉर्मेंस कैसे बेहतर हो, इसके लिए हम चर्चा कर रहे हैं।

समाजसेवी, बुद्धिजीवी और युवाओं संग संवाद करेंगे

तय कार्यक्रम के मुताबिक 26 और 27 को बेगूसराय में रहेंगे। इस दौरान जिले के पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ 27 अक्टूबर को बिहार संवाद के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों के समाजसेवी, बुद्धिजीवी और युवाओं के साथ भी संवाद करेंगे।

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा।
कार्यकर्ता समागम 20 जनवरी को नालंदा में खत्म होगा

मनीष वर्मा के इस कार्यक्रम से पार्टी के कार्यकर्ता और समाजसेवी अपने क्षेत्र से संबंधित शिकायत-सुझाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक पहुंचा सकते हैं। 27 सितंबर को मुजफ्फरपुर जिले से शुरू इस संवाद का समापन 20 जनवरी को नालंदा में होगा। अब तक मुजफ्फरपुर, सीवान, जहानाबाद, खगड़िया, पूर्वी चंपारण, बगहा और पश्चिमी चंपारण में कार्यक्रम हो चुका है।

प्रखंड और जिला स्तर के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिशा-निर्देश के बाद पार्टी के तय सांगठनिक कार्यक्रम के मुताबिक बिहार के सभी 38 जिलों में कार्यकर्ता समागम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा आज बेगूसराय पहुंचे हैं।

बेगूसराय में कंकौल स्थित ऑडिटोरियम-सह-आर्ट गैलरी में कार्यकर्ता समागम हुआ। कार्यक्रम में पंचायत से लेकर प्रखंड और जिला स्तर के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *