Featured

बिहार : DIG रैंक वाली गाड़ी से हो रही थी बिहार में शराब की तस्करी! सीआरपीएफ जवान भी आया लपेटे में 

बिहार के आरा में पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है. इसमें एक दिल्ली में तैनात सीआरपीएफ का जवान भी है.

 

भोजपुर. बिहार के आरा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बिहार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ के डीआईजी रैंक के बोर्ड लगे लग्जरी गाड़ी से भारी मात्रा में शराब की खेप को बरामद किया है. इस दौरान पुलिस ने शराब की तस्करी करते एक सीआरपीएफ जवान सहित दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को यह सफलता कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ियां गांव स्थित टोल प्लाजा के पास से मिली है. पुलिस ने पकड़े गए CRPF के डीआईजी रैंक की सिंबल लगे गाड़ी की जब तलाशी ली, तो उसमें छुपाकर रखे गए 628 बोतल विदेशी शराब के साथ सीआरपीएफ कमांडो की 2 वर्दी, परिचय पत्र, सीआरपीएफ की ब्लू रंग की दो टोपी, एक एटीएम कार्ड और 8 हजार 420 रुपया नगद बरामद किया है. इसका खुलासा सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने किया. शराब तस्करी के मामले में जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया, “सूचना मिली कि डीआईजी रैंक के एक अधिकारी का बोर्ड लगे लग्जरी कार में शराब की बड़ी खेप को लाया जा रहा है. जिसके बाद कोइलवर थाना के अपर थानाध्यक्ष सुभाष मंडल के नेतृत्व में छापेमारी का निर्देश दिया गया. टीम ने त्वरित करवाई करते हुए आरा-पटना मुख्यमार्ग पर कुल्हाड़ियां गांव स्थित टोल प्लाजा के पास नाका लगाकर वाहन चेकिंग शुरू कर दिया.”

 

उन्होंने आगे कहा कि लग्जरी कार जैसे ही टोल के पास पहुंची पुलिस ने कार को रुकवाकर छानबीन की. पुलिस ने गाड़ी की तलाशी के दौरान 628 बोतल विदेशी शराब बरामद की. बाजार में कीमत करीब ढाई लाख रुपए से ऊपर की मानी जा रही है. इस दौरान पुलिस ने तस्करी में शामिल सीआरपीएफ जवान सेखु कुमार और पटना के मसौढ़ी थाना के तीसखोरा गांव निवासी सतीश कुमार को गिरफ्तार किया. सेखू कुमार दिल्ली में 122 बटालियन में पोस्टेड है. पुलिस ने जब दोनों शराब तस्करों से पूछताछ किया तो उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा में बेचने के लिए शराब की खेप को यूपी के बनारस से खरीद कर पटना ला रहे थे. फिलहाल पुलिस पकड़े गए दोनों तस्करों पर मद्य निषेध अधिनियम और कार पर सीनियर अधिकारी के स्टिकर मामले में एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *