Featured

बिहार: लोडेड पिस्टल से शिवम और सन्नी बना रहे थे रील्स, तभी पहुंचा इंदल और चल गई गोली; जानें फिर क्या हुआ

बिहार के मधुबनी जिले के उमगांव में एक किशोर की गोली लगने से मौत हो गई। तीन दोस्त छत पर लोडेड पिस्टल के साथ रील्स बना रहे थे, तभी गोली चल गई और 12 साल के इंदल कुमार की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में एक दर्दनाक घटना घटी है। सोमवार को रील्स बनाने के चक्कर में 12 साल के बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई। मामला हरलाखी थाना क्षेत्र के उमगांव का है। बताया जा रहा है कि तीन दोस्त छत पर लोडेड पिस्टल के साथ रील्स बना रहे थे। तभी अचानक गोली चल गई और एक बच्चे के पेट में जा लगी। घटना के समय तीनों लड़के उमगांव में गणेश साह के घर पर मौजूद थे। मृतक इंदल कुमार (12) भी वहीं खेलने आया था। रील्स बनाने के दौरान घटना प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गणेश का बेटा शिवम कुमार (18) अपने दोस्त सन्नी (18) के साथ रील्स बना रहा था। इसी दौरान शिवम के हाथ से गोली चल गई जो सीधे इंदल के पेट में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भागकर छत पर पहुंचे। वहां उन्होंने इंदल को खून से लथपथ पड़ा देखा। आनन-फानन में उसे उमगांव CHC ले जाया गया। लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे मधुबनी रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश रास्ते में ही इंदल ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार घटना के बाद से ही शिवम और सन्नी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि पिस्टल शिवम के पास थी। फिलहाल पुलिस शिवम के माता-पिता से पूछताछ कर रही है। साथ ही ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर नाबालिग लड़के के पास अवैध पिस्टल आई कहां से? आरोपियों पर नशा करने का आरोप इधर, मृतक बच्चे के परिजनों ने फरार आरोपियों पर नशा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों लड़के पहले भी नशे के मामले में पकड़े जा चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस का भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम को करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। बाद में किसी तरह समझाने-बुझाने के बाद उन्हें छोड़ा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *