Featured

बेगूसराय : जन्माष्टमी और चेहल्लुम को ले तैनात किए गए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल

चहल्लुम एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिला प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसको लेकर डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व में 26 को जन्म एवं 28-31 अगस्त तक मेला का आयोजन किया जायेंगा। उन्होंने बताया कि यह पर्व और मेला तेघड़ा, मंझौल, बखरी व बेगूसराय अनुमंडल में प्रमुख रूप से मनाया जाता है। कई जगह पर मूर्ति जबकि कहीं पर झूला, मेला भी लगाया जाता है। चूंकि भगवान श्री कृष्ण का जन्म रात्रि 12.00 बजे हुआ था, इसलिए मंदिर तथा सार्वजनिक पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। वहीं तेघड़ा में कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता है।

मंदिर व सड़कों पर देर रात तक बच्चे महिलाएं व अन्य लोगों की भीड़ रहती है। इसके अलावे डीएम ने बताया कि इस वर्ष चहल्लुम भी 25 अगस्त को मनाये जाने की सूचना है। जिसमें मोहर्रम की भांति कहीं-कहीं ताजिया हुआ जुलूस भी निकाला जाता है। उन्होंने बताया कि दोनों पर्व को लेकर जिले भर में विशेष चौकसी और निगरानी की जाएगी। डीएम ने बताया कि बखरी थाना अंतर्गत ईमादपुर चकहमीद, इस्माइल नगर, सलौना, पठान टोली से जुलूस निकाले जाने की सूचना है। उक्त आलोक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को शांति समिति की बैठक करने, जुलूस को लेकर दी जाने वाले अनुज्ञप्ति, पुलिस बल, दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने सहित अन्य मामले को लेकर पहल करने का निर्देश दिया है। वहीं पूरे जिले में शांति और सुरक्षा को लेकर जगह-जगह पर अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के साथ लाठी पार्टी की भी तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *