बेगूसराय में चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:मोबाइल छीनने वाले गिरोह पर हमले का आरोप, रेलवे क्रॉसिंग के पास हादसा एमडी महफूज आलम।
मोबाइल छीनने वाले गिरोह पर हमले का आरोप, रेलवे क्रॉसिंग के पास हादसा।
दिल्ली से मजदूरी कर खगड़िया लौट रहे 19 वर्षीय युवक की बेगूसराय स्टेशन के लोहियानगर गुमटी के पास चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इसे मोबाइल छीनने वाले ‘फट्टा मार’ गिरोह के हमले का परिणाम बताया है।
मृतक की पहचान खगड़िया जिले के रोहियार, धमारा घाट निवासी चंदन यादव के पुत्र रबी कुमार (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रबी कुमार दिल्ली में मजदूरी करते थे और अपने घर खगड़िया लौट रहे थे।
वह पटना जंक्शन से ट्रेन बदलकर खगड़िया जाने वाली ट्रेन में सवार थे। जैसे ही ट्रेन बेगूसराय स्टेशन पार कर लोहियानगर गुमटी के पास पहुंची, तभी कथित तौर पर ‘फट्टा मार’ गिरोह के सदस्यों ने मोबाइल छीनने के इरादे से रबी कुमार पर लाठी से प्रहार किया।
लाठी के वार से रबी का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना ने शव को कब्जे में लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
