अडाणी की अंबुजा सीमेंट लिमिटेड (ACL) बिहार में ग्राइंडिंग यूनिट स्थापित करने के लिए 1,600 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. बता दें कि ACL का बिहार में यह पहला उद्यम होगा, जो देश में अपनी क्षमता का विस्तार कर रही है.
अडाणी समूह के स्वामित्व वाली अंबुजा सीमेंट लिमिटेड (एसीएल) बिहार में नवादा जिले के वारिसलीगंज में सीमेंट पीसने वाली यूनिट लगाएगी. कंपनी ने कहा कि इसको स्थापित करने के लिए लगभग 1,600 करोड़ रुपये का निवेश होगा.
बता दें कि इस घोषणा के साथ, अरबपति गौतम अडाणी के नेतृत्व वाली फर्म सीमेंट उद्योग के किसी खिलाड़ी द्वारा राज्य में सबसे बड़ा निवेश बन गई है. कंपनी ने कहा कि इसने कहा कि यह परियोजना बिहार की बढ़ती बुनियादी ढांचे की जरूरतों को पूरा करेगी, जो हाल के केंद्रीय बजट में उल्लिखित प्राथमिकताओं के अनुरूप है.
अडाणी समूह का बिहार प्लान
अडाणी समूह की फर्म ने कहा कि वह अपनी सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट परियोजना को चरणों में इंप्लीमेंट करेगी. इसका पहला चरण अगले साल दिसंबर तक चालू हो जाएगा. परियोजना को तीन चरणों में इंप्लीमेंट किया जाएगा. इसमें 2.4 MTPA का पहला चरण 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से दिसंबर 2025 तक चालू करने का लक्ष्य है.
बिहार के लिए बजट में क्या है?
इस बार के केंद्रीय बजट 2024-25 में, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बिहार के लिए बड़ी परियोजनाओं का अनावरण किया. इसमें विभिन्न परियोजनाओं के लिए 60,000 करोड़ रुपये से अधिक के कुल खर्च का प्रस्ताव है. इसमें तीन एक्सप्रेसवे, एक बिजली प्लांट, हेरिटेज कॉरिडोर और नए हवाई अड्डे और खेल बुनियादी ढांचे के लिए पैसे शामिल है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीन एक्सप्रेसवे परियोजनाओं – पटना-पूर्णिया, बक्सर-भागलपुर, और बोधगया, राजगीर, वैशाली और दरभंगा के विकास के लिए केंद्र के समर्थन की घोषणा की और बक्सर में गंगा नदी पर एक अतिरिक्त दो-लेन पुल बनाया जाएगा. इन चार परियोजनाओं की कुल लागत 26,000 करोड़ रुपये होगी.




