अररिया के दैनिक अखबार के पत्रकार ज्योतिष कुमार झा को मदनपुर निवासी राजकुमार नामक व्यक्ति ने फोन पर गोली मारने की धमकी दी है। जब इस मामले को लेकर पीड़ित पत्रकार ने मदनपुर थाना में आवेदन दिया तो पुलिस ने कार्रवाई के नाम सिर्फ खानापूर्ति कर मामले को रफा-दफा कर छोड़कर दिया।
आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज जिला पत्रकार एसोसिएशन के एक शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी व एसपी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जिला पत्रकार एसोसिएशन ने शनिवार को मदनपुर थाना पुलिस के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने का आवाहन किया है। इस संदर्भ जिला पत्रकार एसोसिएशन के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार भगत उर्फ मंटू भगत ने बताया कि जिला पत्रकार संघ के सदस्य व दैनिक समाचार अखबार के ब्यूरो चीफ ज्योतिष कुमार झा मदनपुर निवासी को एक अगस्त को फोन पर जान मारने की धमकी दी गयी थी।इसको लेकर मदनपुर थाना में आवेदन दिया गया। मदनपुर पुलिस आवेदन लेकर आरोपी के घर जांच के लिए पहुँची, जहाँ आरोपी के परिजनों ने पुलिस के हाथ से आवेदन लेकर फाड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा थाना बुलाकर फिर आवेदन लिखवाया, जो थाने के सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड होगा। इसके बावजूद मदनपुर पुलिस ने महज धारा-107 के तहत कार्रवाई कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर लिया। जबकि इतने बड़े जघन्य मामले में प्राथमिकी दर्ज होना लाजमी है।
पूर्व में भी रानीगंज के एक पत्रकार बलराम विश्वास को भी जान मारने की धमकी मिली थी। बीते वर्ष 18 अगस्त को रानीगंज के ही पत्रकार विमल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आये दिन ऐसी घटनाएं होती रहती है और इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में पत्रकार संघ ने इन मुद्दों को लेकर शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित धरना स्थल पर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा ।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार भगत,वरिष्ठ पत्रकार चंदन कुमार लालू,रवि भगत,रंजीत कुमार,मनीष कुमार व ज्योतिष कुमार झा समेत अन्य पत्रकार मौजूद थे।




