Featured

शिक्षक दिवस के अवसर पर दरभंगा में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन


डीएम ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,चरित्र निर्माण,नैतिक शिक्षा एवं अनुशासन को प्राथमिकता देने का किया आह्वान
आज 05 सितम्बर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर दरभंगा जिले में प्रखंड संसाधन केन्द्र, दरभंगा में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर बिहार के माननीय शिक्षा मंत्री द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के शिक्षकों के नाम संबोधित पत्र उपलब्ध कराया गया।
समारोह की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने की। जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित शिक्षकों को माननीय शिक्षा मंत्री,बिहार द्वारा संबोधित पत्र का वितरण किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एक शिक्षक केवल बच्चों को पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, सोच, व्यवहार एवं भविष्य की दिशा निर्धारित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, जिम्मेदारी की भावना एवं सामाजिक सरोकार विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों को एक जिम्मेदार, संवेदनशील, अनुशासित एवं बेहतर नागरिक के रूप में विकसित करना भी है।

उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में नियमित एवं प्रभावी कक्षा संचालन, बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप शिक्षण पद्धति अपनाने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा एवं क्षमता अलग होती है, इसलिए शिक्षकों को बच्चों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में अनुशासन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।
समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए अपने अनुभव एवं विचार भी साझा किए। कार्यक्रम में शिक्षकों के कार्यों एवं उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा श्री विद्यानंद ठाकुर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, दरभंगा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना, दरभंगा, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा नगर सहित शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *