सहरसा में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू:गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक से मतदान की अपील।
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, पटना और स्वीप कोषांग, सहरसा की ओर से जिले में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।इसका उद्देश्य आगामी 6 नवंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाना है।
लोक रंग के कलाकारों ने गीत-संगीत से जगाई मतदान की भावना
अभियान के तहत मधुबनी के लोक सांस्कृतिक दल ‘लोक रंग’ के कलाकारों ने गीत, संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र में भागीदारी का महत्व समझाया।कलाकारों ने जनता से अपील की कि वे अपने मत का प्रयोग जरूर करें, क्योंकि हर वोट देश की दिशा और विकास तय करता है।
‘एक मत से बड़ा कोई हथियार नहीं’ — नाटक का संदेश
नुक्कड़ नाटक में बताया गया कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।एक मत से बदलाव संभव है, इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने मतदान केंद्र पर जाकर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करे।कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यदि किसी मतदाता के पास पहचान पत्र नहीं है, तो वह आधार कार्ड, राशन कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या किसी अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र से भी वोट दे सकता है।
कलाकारों ने जोड़ा मनोरंजन और संदेश
सांस्कृतिक दल में टीम लीडर जटाधर पासवान, नंद कुमार, रीति प्रिया, चंदन कुमार और गणेश कुमार शामिल थे।इनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें मतदान की जिम्मेदारी का एहसास कराया।
कम मतदान वाले क्षेत्रों में चलाया जाएगा अभियान
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मिहिर कुमार झा ने बताया कि यह अभियान जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जा रहा है,जहाँ पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा था।उन्होंने कहा कि इस तरह के रचनात्मक प्रयास लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने की दिशा में कदम
यह मतदाता जागरूकता अभियान सहरसा जिले में लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हो रहा है।लोगों में मतदान को लेकर उत्साह और जागरूकता दोनों बढ़ती दिख रही है।
