टीबी मुक्त भारत अभियान को मिशन मोड में सफल बनाने के लिए डीएम ने की समीक्षा बैठक
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्राथमिक प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को दिए स्क्रीनिंग में तेजी लाने के निर्देश
प्रतिदिन 15 हजार स्क्रीनिंग, 2 हजार एक्स-रे एवं 500 सीबीएनएएटी टेस्ट सुनिश्चित करने का निर्देश
15 अगस्त तक चिन्हित पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान को मिशन मोड में सफल बनाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों को अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन 15 हजार लोगों की गुणवत्तापूर्ण स्क्रीनिंग, 2 हजार एक्स-रे तथा 500 सीबीएनएएटी (CBNAAT) जांच कराई जाए तथा सभी जांच एवं प्रगति प्रतिवेदन को समय पर निक्षय पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक स्क्रीनिंग गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित संभावित मरीजों की सभी आवश्यक जांच समयबद्ध तरीके से कराई जाए तथा एनसीडीओ इसकी नियमित मॉनिटरिंग एवं समन्वय सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की जिन पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत को बनाने को लेकर चिन्हित किया गया है,वहां के संबंधित स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी विशेष अभियान चलाकर 15 अगस्त 2026 तक टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा करें।
उन्होंने एनसीडीओ को अभियान की सतत निगरानी करते हुए मिशन मोड में कार्य कराने तथा स्क्रीनिंग की गति बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही आरबीएसके टीम को महादलित टोलों में विशेष अभियान चलाकर घर-घर स्क्रीनिंग करने तथा संभावित मरीजों की पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने एनसीडीओ को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करने को कहा।
बैठक में सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, एनसीडीओ श्री सत्येंद्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
