Featured

पत्रकारों की सुरक्षा व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सड़क पर उतरे पत्रकार

पैदल मार्च निकाल डीएम और डीआईजी को सौंपा ज्ञापन, गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन रख जताया विरोध; स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए पारदर्शी प्रक्रिया की मांग l

पत्रकारों के विरुद्ध दर्ज हो रहे मामलों, गिरफ्तारी की बढ़ती घटनाओं तथा निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बुधवार को दरभंगा के पत्रकारों ने एकजुट होकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की। पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं मिथिला प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मनोज कुमार तिवारी को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के संवैधानिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा निष्पक्ष पत्रकारिता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

 

प्रेस क्लब, दरभंगा में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों ने सर्वसम्मति से तय मांगों को लेकर समाहरणालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला। इसके उपरांत लहेरियासराय टावर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मौन धारण कर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

 

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान जिले के विभिन्न थानों में पत्रकारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने एवं गिरफ्तारी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। कई मामलों में संबंधित पत्रकारों को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिए बिना ही कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाती है, जिससे पत्रकारों के बीच भय एवं असुरक्षा का वातावरण बन रहा है और स्वतंत्र पत्रकारिता प्रभावित हो रही है।

 

पत्रकारों ने मांग की कि किसी भी पत्रकार के विरुद्ध शिकायत प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी जाए तथा संबंधित पत्रकार को अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान किया जाए। साथ ही पत्रकारों से जुड़े मामलों की प्रारंभिक जांच डीएसपी स्तर अथवा उससे ऊपर के अधिकारी से कराने तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

 

ज्ञापन में बिना पर्याप्त जांच एवं तथ्य सत्यापन के गिरफ्तारी या अन्य कठोर कार्रवाई नहीं करने, पत्रकारों से संबंधित शिकायतों के निष्पादन के लिए पारदर्शी एवं न्यायसंगत प्रक्रिया निर्धारित करने तथा जिला स्तर पर प्रशासन एवं पत्रकार संगठनों के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने की मांग भी शामिल रही। पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

 

इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करेगा तथा पत्रकारों के अधिकारों और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

 

इस दौरान संजय कुमार, अभिषेक कुमार, गुड्डू राज, लाल बाबू, एमएच खान, नौशाद अहमद, चंद्रप्रकाश कर्ण उर्फ टिंकू, विवेक मुस्कान पंडित, फैजान दानिश, आशीष महापात्र, ज़ाहिद अनवर राजू, रोहित कुमार, सूरज कुमार, प्रो. संतोष दत्त झा, कौशल किशोर कर्ण, राहुल चौधरी, लक्ष्मण कुमार, नीरज कुमार राय, सरफराज़ आलम, राकेश झा, धर्मेंद्र मिश्रा, रमन चौधरी, संजय राय, मनोज कुमार झा, प्रभास रंजन, सोनू झा, मोहन झा, लालटून शर्मा, रमेश शर्मा, वीरू पासवान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *