Featured

सीएम आर्ट कॉलेज से कोतवाली थाना तक शेष सड़क ढलाई कार्य दो दिनों के अंदर पूर्ण करने का निर्देश,राम जानकी मंदिर रोड को तत्काल मोटरेबल बनाने का निर्देश

मुहर्रम को ध्यान में रखते हुए जुलूस मार्ग को सुगम एवं बाधारहित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा सीएम आर्ट कॉलेज, दरभंगा से कोतवाली थाना तक चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया।
ज्ञात हो कि उक्त मार्ग पर पूर्व में सड़क ढलाई का कार्य कराया जा चुका है,जबकि शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने हेतु जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता आरसीडी को दो दिनों के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया ।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व के अवसर पर निकलने वाले जुलूस में शामिल स्थानीय नागरिकों को असुविधा न हो, इसके लिए जुलूस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर दो दिनों के अंदर पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग श्री सुनील कुमार ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि शेष सड़क ढलाई कार्य आगामी दो दिनों के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।
इस पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने राम जानकी मंदिर रोड का भी निरीक्षण किया,जहां पूर्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान स्थिति में तत्काल सड़क को मोटरेबल बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों एवं आवागमन करने वालों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान आमजनों की सुविधा, यातायात की सुचारु व्यवस्था तथा सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार,नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार गुप्ता, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग श्री सुनील कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *