Featured

3 लाख का कोडीन युक्त सिरप जब्त:स्कॉर्पियो से तस्करी कर रहा 120 लीटर बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार।

सहरसा में कफ सिरप की तस्करी का भंडाफोड़
सहरसा के महिषी थाना पुलिस ने पस्तपार चौक के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 लीटर कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से यह नशीला पदार्थ बरामद किया है। इसकी बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है। तस्कर हाजीपुर से सहरसा शहर में इस खेप को पहुंचाने की फिराक में था, लेकिन बीच रास्ते में ही पकड़ लिया गया।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

सहरसा सदर SDPO आलोक कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में महिषी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गंडोल चौक से एक उजले रंग की स्कॉर्पियो में कफ सिरप की तस्करी की जा रही है।

महिषी थाना पुलिस ने बलुआहा स्थित पस्तपार चौक पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर तस्कर ने गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र पुलिस बल की मदद से उसे धर दबोचा गया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के चौराही वार्ड नंबर 3 निवासी निरंजन कुमार के रूप में की गई है। उसके पास से एक स्कॉर्पियो, चार सिम वाला एक मोबाइल फोनभी बरामद किया गया है।

थाने में केस दर्ज, आगे की जांच जारी

इस मामले में महिषी थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अभियान में शामिल अधिकारी

इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार और रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *