Featured

लनामिवि महिला कबड्डी टीम का पदक सुनिश्चित, सेमीफाइनल के लिए किया क्वालिफाई

दरभंगा। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अखिल भारतीय अंतर- विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की महिला कबड्डी टीम ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ विश्वविद्यालय को 46–30 अंकों के निर्णायक अंतर से पराजित कर सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। इस जीत के साथ ही टीम ने प्रतियोगिता में अपना पदक भी पक्का कर लिया है, जो विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय विजेता तथा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय उपविजेता रही थी। ऐसे में यह जीत केवल एक प्रतियोगी सफलता नहीं, बल्कि पूर्व परिणाम का सशक्त प्रत्युत्तर भी मानी जा रही है। टीम ने इस मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाते हुए प्रतिद्वंदी टीम पर दबाव बनाए रखा और शानदार तालमेल के बल पर एकतरफा बढ़त कायम की।
अब सेमीफाइनल में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम का मुकाबला लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय (एलपीयू), चंडीगढ़ से होगा जिसे लेकर खेल प्रेमियों में काफ़ी उत्साह है। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने कहा कि हमारी महिला कबड्डी टीम ने यह साबित किया है कि आत्मविश्वास और रणनीतिक परिपक्वता का संगम जब प्रतिभा से होता है, तो परिणाम निर्णायक होते हैं। यह जीत केवल स्कोरबोर्ड की बढ़त नहीं, बल्कि खेल मानसिकता की श्रेष्ठता का प्रतीक है। हमें अपनी इन साहसी खिलाड़ियों पर गर्व है। विश्वविद्यालय खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने आज जिस आत्मविश्वास, गति और सामूहिक एकजुटता का परिचय दिया, वह उच्च स्तरीय तैयारी का प्रमाण है। सेमीफाइनल में भी यही ऊर्जा और आक्रामकता टीम को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।
विश्वविद्यालय परिवार ने महिला कबड्डी टीम को सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएँ दी हैं और आशा व्यक्त की है कि टीम अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन की निरंतरता बनाए रखते हुए प्रतियोगिता में नया इतिहास रचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *