बिहार में बदमाशों ने सरकारी स्कूल के शिक्षक पर बरसाईं गोलियां, ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप।
बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ हो चुके अपराधी किसी भी वारदात को अंजाम देने में संकोच नहीं कर रहे हैं। ताजा घटना सहरसा से सामने आई है, जहां बदमाशों ने सरकारी स्कूल के शिक्षक पर सरेआम गोलियां बरसाई हैं। घटना बैजनाथपुर थाना क्षेत्र की है।
घायल शिक्षक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के भान गांव के निवासी जगदीश मंडल के बेटे विनोद कुमार मंडल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनचोलहा में पदस्थापित हैं। घटना के बाद घायल अवस्था में उन्हें बैजनाथपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि बहुत जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर कड़ी सज़ा देने की मांग की है। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
