Featured

पोलो मैदान में भव्य पंडाल बनकर तैयार, ललन सिंह करेंगे मटन पार्टी।

मुंगेर शहर के पोलो मैदान में भव्य पंडाल बनकर तैयार है। रविवार को मुंगेर और जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन कार्यकर्ताओं के लिए मिलन समारोह और भोज का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में 35 हजार लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

जनता और महागठबंधन के कार्यकर्ता इस पंडाल में मटन-पुलाव खाने का लुत्फ उठाएंगे। साथ ही शाकाहारी लोगों के लिए पनीर की व्यवस्था भी होगी।

मटन के लिए बकरे बिहार के अलावा झारखंड से मंगाए गए हैं। भोज कार्यक्रम के लिए स्थानीयों के साथ बाहर के भी कारीगर बुलाए गए हैं। महाभोज में परोसे जाने वाली थाली में किसी तरह की कोई कमी न रहे, इस बात का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

इस विशाल कार्यक्रम में मुंगेर सांसद और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह खुद खाना परोसेंगे। जदयू के जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल व प्रदेश सचिव सौरभ निधि ने बताया कि महागठबंधन कार्यकर्ताओं के सम्मान में सांसद की ओर से मिलन समारोह सह भोज का आयोजन किया जा रहा है।

इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद भोजन परोसेंगे। साथ में जल संसाधन मंत्री संजय झा के अलावा कई वरिष्ठ नेतागण भी रहेंगे।

दरअसल, मुंगेर सांसद ने 2019 में महाभोज की परपंरा की शुरुआत की थी। कोरोना की वजह से तीन वर्ष यह कार्यक्रम नहीं हो सका। अब कोरोना का केस कम होने के बाद सांसद की ओर से महाभोज दिया जा रहा है।

इससे पहले मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के सूर्यगढ़ा, लखसीराय, मोकामा और बाढ़ विद्यानसभा क्षेत्र के महागठबंधन कार्यकर्ताओं और जनता के लिए महाभोज कार्यक्रम किया गया था।

मुंगेर में महाभोज का आयोजन अप्रैल माह में होना था, लेकिन विद्यान परिषद चुनाव को लेकर इसे टाल दिया गया। ऐसे में 14 मई को महाभोज का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगा। महाभोज की तैयारी में महागठबंधन के पदाधिकारी जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *