Featured

बिहार में डॉक्टरों की हड़ताल से मरीज परेशान:सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद।

बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर गुरुवार को राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार कर दिया है। सासाराम के सदर अस्पताल में मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इलाज नहीं होने पर मरीज निजी अस्पतालों में जाने को मजबूर हो रहे हैं।

सदर अस्पताल में ओपीडी बंद, मरीज परेशान

सदर अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटर, लैब और दवा काउंटर पूरी तरह से बंद रहे। कई मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं। कुछ मरीज वापस घर लौट गए। मरीजों की परेशानी का आलम यह कुछ मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।

इलाज के लिए जा रहे निजी क्लिनिक

इलाज कराने सदर अस्पताल आए गोविंद पासवान ने बताया कि उनके पैर में कुछ परेशानी है। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने कहा था। जांच कराने के बाद आज वह अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखाने आए। लेकिन बिना डॉक्टर से मिले ही उन्हें लौटना पड़ा। वहीं, धर्मवीर सिंह को अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए निजी क्लिनिक जाना पड़ा।

29 मार्च तक चलेगी डॉक्टरों की हड़ताल

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बीके पुष्कर ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक हड़ताल पर हैं। तीन दिवसीय हड़ताल 27 से 29 मार्च तक चलेगी। इस दौरान डॉक्टर इमरजेंसी, पोस्टमॉर्टम और डिलीवरी सेवाएं जारी रखेंगे।

हड़ताल के पहले दिन ही अस्पताल परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि सभी चिकित्सक अपने कार्यक्षेत्र पर उपस्थित रहे। रोहतास जिले समेत पूरे बिहार में यही स्थिति रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *