समस्तीपुर : आचार्य उदयन की जन्म-कर्म स्थली समस्तीपुर के करियन में पहुंची ‘द प्लुरल्स’ पार्टी चीफ पुष्पम प्रिया चौधरी
बिहार को ज्ञान की भूमि माना जाता है। लेकिन यह ज्ञान सिर्फ़ बुद्ध और महावीर का ज्ञान नहीं है बल्कि मुख्य धारा के जीनियस दार्शनिकों – उपनिषदों के याज्ञवल्क्य, न्याय के गौतम, सांख्य के कपिल, मीमांसा के जैमिनी जैसे प्राचीन दार्शनिकों और बाद में मध्यकालीन अद्वैत के मंडन, सर्वतंत्रस्वतंत्र वाचस्पति, न्याय के उदयन और गंगेश जैसे महारथी दार्शनिकों के ज्ञान से भी समृद्ध हुआ है जिन्हें पूरे विश्व में पहचान मिली हुई है।
दुर्भाग्यवश हम अपने बिहार में ही ऐसे महान विद्वानों और उनके योगदानों को भूल चुके हैं। आज बिहार की युवा नेता पुष्पम प्रिया चौधरी जो स्वयं लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स की स्टूडेंट रही हैं, वे आज करियन गाँव पहुँचीं और आचार्य उदयन के पवित्र स्थल पर उनकी विश्वप्रसिद्ध रचना “न्यायकुसुमांजलि” के दो संस्करणों की 11-11 प्रतियाँ पुस्तकालय की शुरुआत के लिए अर्पित कीं ताकि न सिर्फ़ इस पावन धरती को राष्ट्रीय और विश्वस्तरीय पहचान मिले बल्कि गाँव व समस्तीपुर के बच्चों में भी आचार्य उदयन जैसा जीनियस बनने की प्रेरणा मिले।
पुष्पम प्रिया चौधरी ने राज्य सरकार से माँग की शीघ्र ही आचार्य उदयन के गाँव में संस्कृत विद्यालय का जीर्णोद्धार किया जाय और साथ ही एक भव्य पुस्तकालय का निर्माण किया जाय। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से माँग किया कि आचार्य उदयन के गाँव को धरोहर का दर्जा मिले और उनके नाम पर समस्तीपुर में केंद्र प्रायोजित एक दर्शन संस्थान का निर्माण किया जाय।
कार्यक्रम में द प्लुरल्स पार्टी के महासचिव अनुपम कुमार सुमन, प्रदेश महासचिव कुमार कन्हैया, प्रदेश संयुक्त सचिव सौरभ सुमन व आदर्श चौधरी, ज़िला अध्यक्ष आदित्य विनय, ज़िला सचिव शिवम यादव , कोषाध्यक्ष आशीष चांदना, जिला उपाध्यक्ष दिनेश जी , उप सचिव राजू पाठक , प्रखंड अध्यक्ष रजनीकांत तथा निशांत सिंह, रवीश भारती सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
