Featured

बिहार : बिहार में 50 हजार बाढ़ पीड़ित परिवारों को मिलेगा 7 हजार, नीतीश कुमार ने दरभंगा के प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

बाढ़ राहत फूड पैकेजिंग सेंटर का किया निरीक्षण

सीएम नीतीश ने आज लहेरियासराय पोलो मैदान स्थित बाढ़ राहत फूड पैकेजिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्री जल्द से जल्द पीड़ितों तक पहुंचनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हायाघाट और हनुमाननगर प्रखंड को भी एसओपी में शामिल करने का निर्देश दिया। नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाए गए राहत कैंपों का निरीक्षण और एयरफोर्स के माध्यम से फूड पैकेजिंग वितरण की प्रक्रिया का जायजा लिया।

चिकित्सा शिविरों की भी व्यवस्थाएं देखीं

सीएम नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए लगाए जा रहे चिकित्सा शिविरों की भी व्यवस्थाएं देखीं। चिकित्सकों से बात की और निर्देश दिए हर पीड़ित के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों और व्यवस्था में लगे लोगों से बात की। उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर लोगों की वास्तविक स्थिति पर निगाह बनाए रखें। उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करें। राहत शिविरों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।

मुख्यमंत्री का विशेष जोर टूटे तटबंध के मरम्मत कार्य पर रहेगा

इससे पहले मुख्यमंत्री के दरभंगा दौरे को लेकर तैयारियां की गई थी। बिरौल में खोरागाछी मैदान में हेलीपैड बनाया गया था। माना जा रहा था कि मुख्यमंत्री कोसी नदी के टूटे तटबंध का भी निरीक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री का विशेष जोर टूटे तटबंध के मरम्मत कार्य पर रहेगा ताकि विस्थापित लोग जल्द से जल्द अपने घरों को लौट सकें।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र

बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार, गंडक, कोसी, बागमती, महानंदा और अन्य नदियों में जलस्तर बढ़ने से 18 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ये जिले हैं – पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चम्पारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज, सारण एवं खगड़िया। इन जिलों के 93 प्रखंडों में 487 ग्राम पंचायतों के अन्तर्गत लगभग 16.67 लाख जनसंख्या बाढ़ से प्रभावित हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *