Featuredदरभंगाप्रादेशिक

जमीनी विवाद में देर रात बदमाशों ने बच्चे को मारी गोली, हालत गंभीर।

सहरसा के बिहरा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में शनिवार देर रात 12 साल के बच्चे को गोली मार दी। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नजदीकी पीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। घटना सत्तर कटैया इलाके के छिप्पा टोला वार्ड नंबर 6 की है।

घायल बच्चे की पहचान मुकेश यादव के पुत्र सत्यम कुमार (12) के तौर पर हुई है। मुकेश यादव के पिता महेंद्र यादव और गांव के ही रामचंद्र यादव के बीच कई साल से जमीन का विवाद चला आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। सत्यम को तीन गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मुकेश यादव ने बताया कि सत्यम शनिवार को घर के बाहर बरामदे पर अपने दादा के साथ सो रहा था। रात में करीब 1:30 बजे रामचंद्र यादव के पुत्र विकास यादव चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ हथियार से लैस होकर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सत्यम को एक गोली जांघ में, दूसरी गोली कंधा में, जबकि तीसरी गोली हाथ के आर-पार हो गई। उन्होंने प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। जमीन विवाद में लगातार जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

वहीं, घटना के संबंध में बिहरा थाना प्रभारी रौशन कुमार ने बताया की गोलीबारी की सूचना मिली है। पुलिस जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गोलीकांड में जो भी लोग शामिल हैं, उनको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *