Featured

छपरा : घर से 3 किमी दूर मिला शव…जांच में जुटी पुलिस:छपरा में मृतक के शरीर पर चोट के निशान, पीट कर हत्या की आशंका

छपरा के मढ़ौरा में एक व्यक्ति की पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक का शव इसके घर से 3 किलोमीटर दूर ताल पुरैना चंवर से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान गौरा थाना क्षेत्र के अगहरा गांव निवासी सुरेश पंडित (39 साल) पिता केशव पंडित के रूप में हुई है।

शव मिलने के खबर के साथ ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर गहरे जख्म के निशान है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गंभीर रूप से पिटाई किये जाने के बाद शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया है। मौत की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस सहित मढ़ौरा डीएसपी घटनास्थल पर पहुंच मामले के जांच में जुटे हुए है।

सोमवार की सुबह घर से निकले थे

मृतक के परिजनों ने बताया कि सोमवार की सुबह गांव के एक युवक के साथ घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचे। तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। लेकिन, सफलता नहीं मिली। ग्रामीण ने चंवर की तरफ जाने की बात बता कही। इसके बाद चंवर में खोजबीन शुरू की गई। इसके बाद देर रात करीब 1 बजे शव बरामद हुआ।

ताल पुरैना चंवर में भारी संख्या में अवैध देसी शराब की भट्ठियां संचालित होती है। उन्हीं लोगों पर पीट कर करने की आशंका जताई जा रही है। शव पर गहरे पिटाई के जख्म है। मृतक राजमिस्त्री का काम करके परिवार का भरण पोषण करते थे।

मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान ने बताया कि मढ़ौरा थाना क्षेत्र के ताल पुरैना से एक युवक का शव बरामद किया गया है। जो गौरा थाना के अगहरा गांव का रहने वाला है। परिजनों के दिये गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां से परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस एक एक पॉइंट पर गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *