Featured

दरभंगा : भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और गया में मेट्रो चलाने की तैयारी, राइट्स करेगी फिजिबिलिटी स्टडी

बिहार के भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और गया में मेट्रो चलाने की योजना एक कदम और आगे बढ़ गई है। बिहार सरकार ने इन शहरों में मेट्रो परिचालन की संभाव्यता (फिजिबिलिटी) का पता लगाने का काम गुरुग्राम स्थित राइट्स (रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस) लिमिटेड को सौंप दिया है। यह नवरत्न कंपनी रेलवे मंत्रालय के अधीन है और रेल परिवहन संबंधित इंजीनियरिंग सलाह देती है।

नगर विकास विभाग ने राइट्स को संभाव्यता का पता लगाने के लिए खर्च और तकनीकी विवरण के लिए प्रस्ताव देने को कहा है। विभाग ने कंपनी को पत्र लिखकर चारों शहरों में काम शुरू करने का निर्देश दिया है। मेट्रो रेल परिचालन के प्रस्ताव की सैद्धांतिक सहमति राज्य कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में दी गई थी। इसके तहत भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और गया में मेट्रो परिचालन प्रस्तावित है।

राइट्स कंपनी को कंप्रिहेन्सिव मोबिलिटी प्लान और वैकल्पिक विश्लेषणात्मक रिपोर्ट भी देने को कहा गया है। जिन शहरों में मेट्रो की संभाव्यता पाई जाएगी, वहां मेट्रो परिचालन की आगे की कार्यवाही शुरू होगी।

वर्तमान में पटना में मेट्रो का निर्माण जारी है। पटना में मेट्रो का परिचालन अप्रैल 2026 से शुरू होना है। पहले चरण में प्राथमिकता कॉरिडोर के हिस्से पर मेट्रो परिचालन शुरू किया जाएगा। साढ़े 6 किमी के इस हिस्से में पांच एलिवेटेड स्टेशन होंगे। यह मेट्रो कॉरिडोर – 2 का हिस्सा है, जिसके शेष हिस्से पर 2027 में परिचालन शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *