Featured

बिहार में फिर एक पत्रकार की हत्या, शरीर और गर्दन पर चाक़ू से किये कई वार।

मुजफ्फरपुर: बिहार में अपराधियों ने एकबार फिर पत्रकार को निशाना बनाया है. मामला मुजफ्फरपुर जिले का है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक पत्रकार की हत्या कर दी है. घटना मंगलवार रात की है. घर से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने पत्रकार पर चाकू से दर्जनों वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पूरा मामला मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र का है. मृतक की पहचान पत्रकार शिवशंकर झा के रूप में की गई है. अस्पताल में शिवशंकर झा की मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने घर वालों को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही घर वाले अस्पताल पहुंचे. हालांकि अभी तक यह नहीं पता चला है कि शिवशंकर झा की हत्या के पीछे की क्या वजह है.

शिवशंकर झा मनियारी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले थे. वह अपने घर मारीपुर स्थित आवास की ओर लौट रहे थे. अचानक अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक को घेर लिया और उन पर चाकुओं से दर्जनों वार कर दिया. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शिवशंकर झा को एसकेएमसीएच पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया.

घटना के संबंध में मनियारी थाने के एसआई जयशंकर राम ने बताया कि मामले की जानकारी मिली कि एक व्यक्ति पर चाकुओं से हमला किया गया है और घायल कर दिया गया है. इसके बाद वो लोग पहुंचे और उस व्यक्ति को अस्पताल लेकर आए जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पत्रकार शिवशंकर झा के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस आगे की जांच में जुट गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *