Featured

बिहार में पुलिस की कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रहा शराब तस्करी का खेल।

बिहार में कहने को शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन उसके बाद भी शराब तस्करी के खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. बिहार में ऐसे कौन लोग है जिनको पुलिस की कार्रवाई का बिलकुल भी खौफ नहीं है. सीएम नीतीश के दावों पर कौन लोग पानी फेरने पर लगे हुए है. रविवार को बेगूसराय पुलिस ने शराब कारोबार से जुड़े कारोबारी कुणाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इसके पास से भारी मात्रा में शराब भी बरामद की है.

बेगूसराय पुलिस ने रविवार को शराब कारोबार से जुड़े जिले के सबसे बड़े कारोबारी कुणाल कुमार को अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया. साथ ही साथ एक पिकअप वैन, ग्यारह सौ लीटर विदेशी शराब व एक बाइक को भी जब्त किया है. एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुणाल कुमार के द्वारा व्यापक पैमाने पर शराब लाई और बेची जा रही है. इस सूचना के आधार पर एसडीओ सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया जो लगातार इन पर नजर बनाए हुए था और आज पुलिस ने खदेड़ कर कुणाल कुमार व उसके सहयोगी शिवम कुमार, राजेश एवं राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्त में आए कुणाल कुमार पर सिर्फ बेगूसराय जिले में शराब अधिनियम के तकरीबन 1 दर्जन से अधिक मामले दर्ज है. साथ ही साथ मिली जानकारी के अनुसार आसपास के जिलों में भी कुणाल कुमार पर मामले दर्ज हैं. पुलिस सूचना संकलन में जुट गई है और कुणाल कुमार के द्वारा अवैध रूप से जो संपत्ति अर्जित की गई है उस पर भी पुलिस की नजर है. उसको जब्त करने की दिशा में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *