डाटा एंट्री ऑपरेटर संघ के समर्थन में उतरे भाजपा विधायक।
दरभंगा: बिहार राज्य डाटा इन्ट्री/कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ के आवाह्न पर दरभंगा जिला इकाई द्वारा विभागीय सेवा समायोजन को लेकर आयोजित दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल बुधवार को सम्पन्न हो गया। पोलोफील्ड में आयोजित धरना में दरभंगा जिला में विभिन्न कार्यालयों में पदस्थापित प्रोग्रामर, आशुलिपिक, डाटा इन्ट्री ऑपरेटर एवं आई.टी. ब्यॉज/गर्ल शामिल हुए।
हड़ताल के दौरान बुधवार को आयोजित धरना में भाजपा के केवटी के विधायक मुरारी मोहन झा एवं हायाघाट के विधायक रामचंद्र साह भी पहुंचे और उन्होंने संघ की मांगों का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने मांगों को जायज ठहराया और कहा कि मौजूदा सरकार को इस दिशा में ठोस निर्णय लेते हुए डाटा इन्ट्री ऑपरेटरों, जो वर्तमान समय में सरकार के अभिन्न अंग है, उन्हें सेवा समायोजन करते हुए सीधे-सीधे विभाग में नियमित कर्मियों की तरह इन्हें भी सारी सुविधा मुहैय्या होनी चाहिए।
सभा को सम्बोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश मेहता ने हड़ताल में सम्मलित सभी साथियों को धन्यावद व्यक्त करते हुए कहा कि बेल्ट्रॉन के माध्यम से संविदा पर राज्य सरकार के कार्यालयों में विगत दो दशक से कार्यरत बेल्ट्रॉन कर्मियों का विभागीय सेवा समायोजन करने एवं अन्य गंभीर समस्याएं, जो वर्षों से बिहार सरकार के स्तर पर अब तक लंबित है, इस विषय में मौजूदा सरकार को अविलंब सहानभूतिपूर्वक विचार करते हुए हमारी जायज मांगों को मानते हुए हमलोगों को सीधे विभागीय समायोजन कने की दिशा में अग्रेतर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के उपरांत अगर बिहार सरकार हमारी सेवा समायोजन की एकल मांग को नहीं मानेगी तो फिर संघ द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल की तरफ अपना रुख किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी मनीष कुमार आनंद ने कहा कि दो दशक पुराने इस आउटसोर्स व्यवस्था को हमारे उज्जवल भविष्य के लिए तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए सेवा-शर्त्त/नियमावली के तहत हमारी सेवा समायोजन/सेवा सीधे विभागों से सम्पन्न कराया जाए।
दूसरे दिन धरना में विभिन्न कार्यालयों से महिलाओं की संख्या भी अच्छी खासी रही। इनमें राखी कुमारी, रूबी कुमारी, रजनी कुमारी, आयुषी प्रियदर्शी एवं पूनम कुमारी आदि प्रमुख थीं।
