आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, बगान में मिली लाश।
बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय में बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना जिले के नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है. आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई. बच्ची का शव केला बगान में गड्ढे से बरामद हुआ है. परिजनों के अनुसार दुष्कर्म के बाद बच्ची का गला दबाकर मार दिया गया है.
बताया जा रहा है कि बच्ची अपने ननिहाल में रह रही थी. सोमवार की सुबह केला बगान में पत्ता काटने के लिए गई थी. काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी. जब घर वालों ने खोजबीन की तो कुछ नहीं पता चला. बाद में बच्ची का शव केला बागान से बरामद किया गया. घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है.
घटना के बारे में स्थानीय बताते हैं कि बच्ची का शव गड्ढे में मिला और कपड़ा अलग फेका हुआ था. प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच कराकर अपराधी की गिरफ्तारी की मांग की है. जानकारी मिलने के बाद बच्ची के घर पहुंचे सदर डीएसपी ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया है. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज डॉग स्क्वाड और FSL की टीम को सूचना दी गई है.
