Featuredदरभंगा

कादिराबाद गोलीकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, ये था मामला।

दरभंगा: शहर के विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र अंर्तगत कादिराबाद में गत 15 अक्टूबर को हुई गोलीबारी की घटना का दरभंगा पुलिस ने उदभेदन कर लिया है। गोलीबारी के आरोप में जहां सरवर ओला नामक व्यक्ति की भीड़ ने पिटाई कर पुलिस के हवाले किया था, वहीं उसी आरोपी के घर से एक अन्य व्यक्ति अमजद इकबाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

गिरफ्तार अभियुक्त के बयान एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने इस कांड में संलिप्त दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोतवाली ओपी क्षेत्र के रियाज एवं विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र के रवि के रूप में हुई है।

दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बुधवार की शाम प्रेसवार्ता का आयोजन कर इस घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना का मूल कारण जमीनी विवाद है। एक ही जमीन को दोनों पक्ष खरीद कर बेचना चाहते थे। इसी को लेकर सरवर ओला के घर अपराधी जुटे थे।

एसएसपी ने बताया कि घटना में आठ से नौ लोगों के शामिल होने की बात सामने आयी है। अबतक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी भीड़ की पिटाई के कारण घायल हो गया था, जिसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर इलाज केलिए भर्ती कराया गया था। फिलहाल उसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।

एसएसपी ने कहा कि यह घटना दो लोगों के बीच जमीनी विवाद को लेकर घटी थी। परंतु कुछ लोगों द्वारा इसे साम्प्रदायिक रूप देने का प्रयास किया गया। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कारवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *