मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक सोमवार को हुई. इसमें दस एजेंडों पर मुहर लगी है. बिहार में कुल 28 यातायात थानों के लिए 849 पद सृजन की स्वीकृति कैबिनेट में की गई है. 28 यातायात में कुल 4215 पद की जरूरत थी जिसमें 3366 पदों पर नियुक्ति हो चुकी थी. 849 पद की नियुक्ति के लिए आज स्वीकृति मिल गई. वहीं, इसके अलावा इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना में मरीजों को अब मुफ्त में दवा एवं सभी प्रकार चिकित्सा सुविधा मिलेगी. बिहार कैबिनेट में आज इसकी मंजूरी मिल गई है.
अब इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज करने के लिए दवा और चिकित्सा संबंधी सभी सुविधा मुफ्त मिलेगी. इसकी आपूर्ति बिहार चिकित्सा सेवा एवं आधारभूत संहिता नियम लिमिटेड के द्वारा आईजीएमएस में करवाया जाएगा. इसकी मंजूरी आज कैबिनेट में मिल गई है, लेकिन डीलक्स अस्पताल में रजिस्ट्रेशन शुल्क और डीलक्स बेड में कोई छूट नहीं दी गई है. डीलक्स बेड और रजिस्ट्रेशन शुल्क मरीजों को देने होंगे.



