Featuredदरभंगाप्रादेशिक

दोनार इंडस्ट्रियल एरिया को बेहतर बनाने के लिए बिहार सरकार संकल्पित : मंत्री।

दरभंगा : बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने दोनार इंडस्ट्रियल एरिया में उद्योग विभाग की चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

उन्होंने सबसे पहले बियाडा के नवीनीकृत कार्यालय का उद्घाटन किया। तत्पश्चात उन्होंने  इंडस्ट्रियल एरिया में सोलर आधारित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा नवनिर्मित सड़क का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा मंत्री ने इंडस्ट्रियल एरिया में नवनिर्मित टूल्स एवं ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट के भवन और छात्रावास का भी उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि पूरे बिहार के इंडस्ट्रियल एरिया को बेहतर बनाने के लिए सरकार कृत संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि सोलर आधारित स्ट्रीट लाइट के लग जाने से इंडस्ट्रियल एरिया में रात में काम करना भी आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 29 हजार सेअधिक लोगों को 2,155 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है, जिसका उपयोग करके बिहार में नए उद्यमी तरक्की के नए रास्ते पर चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभुकों के चयन हेतु योजना का पोर्टल 15 सितम्बर से खोला जा रहा है और 30 सितम्बर तक आवेदन किया जा सकता है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना पूरे देश की एक मात्र ऐसी योजना है, जिसमें ऋण और अनुदान दोनों की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की गई है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत नया उद्योग लगाने के लिए 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है, जिसमें 05 लाख रुपये ऋण और 05 लाख रुपये अनुदान के रूप में है, ऋण की राशि को अगले 07 वर्षों में वापस करना है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में कर्ज की राशि पर 01 प्रतिशत का ब्याज है, जबकि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति/ जनजाति योजना, मुख्यमंत्री अति पिछड़ा वर्ग उद्यमी योजना तथा मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना में दिया गया कर्ज ब्याज मुक्त है।  उन्होंने अपील की कि जो लोग मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभ प्राप्त करना चाहते हैं वे सभी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करें। चयन की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होगी। इसलिए कभी भी किसी बिचौलिया के झांसे में ना आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *