ससुराल वाले दहेज के लिए नव विवाहिता को करते थे प्रताड़ित, उतारा मौत के घाट।
बिहार के सीवान में नव विवाहिता का संदिग्ध अवस्था में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। यह मामला सीवान जिले के जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में एक नव विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है। मृतका की पहचान नौरंगा गांव निवासी शशि कुमार बैठा की पत्नी कुसुम कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, कुसुम कुमारी बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव निवासी योगेंद्र बैठा की बेटी थी। उसकी शादी नवरंगा गांव निवासी शशि कुमार बैठा से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से हुई थी।
परिजनों ने बताया कि शादी के एक महीने बाद से ही दहेज के लिए कुसुम कुमारी को प्रताड़ित किया जाने लगा था। वहीं, अब साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई है। परिजनों ने कहा कि जब हम लोगों को सूचना मिली कि आपकी बेटी की मौत हो गई है। तब हम लोग बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां से सभी लोग घर छोड़कर फरार थे और कमरे में कुसुम कुमारी का शव पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान मोर्चरी भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतका कुसुम कुमारी की शादी छह महीने पहले ही धूमधाम से की गई थी। उसके एक महीने के बाद से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। जब उसने दहेज देने से मना किया तो उसकी हत्या कर दी गई। वहीं, मृतका के गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल ससुराल पक्ष घर छोड़कर फरार है।
इस मामले को लेकर जीबी नगर तरवारा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर से नव विवाहिता का शव बरामद किया गया है। मृतका के गर्दन पर चोट के निशान हैं। इस मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप सुसराल पक्ष पर लगाया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घर में सिर्फ दो महिलाएं थीं। मामले की जांच की जा रही है।
