10वीं की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या, दो दिन बाद हो सकी शव की पहचान।
बिहार में पूर्णिया के अकबरपुर ओपी क्षेत्र में डढ़वा गांव के पास मंगलवार को बरामद लड़की के शव की पहचान कर ली गई है।
दुष्कर्म के बाद लड़की की हत्या की गई थी। वह 10वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बहियार की ओर निकले कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने डढ़वा नहर के पास एक छात्रा के शव को देखा।
इसकी जानकारी मिलते ही सुरैति पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अवधेश मंडल मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी जानकारी अकबरपुर ओपी अध्यक्ष को दी।
जानकारी मिलते ही अकबरपुर ओपी अध्यक्ष सूरज प्रसाद पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
मंगलवार की देर शाम तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी। बुधवार को मृतका के परिवार वाले अकबरपुर ओपी पहुंचे और उसकी पहचान की।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम से लड़की अपने घर से गायब थी। परिवार वाले अपने स्तर से उसकी खोजबीन कर रहे थे।
मंगलवार दोपहर तीन बजे के आसपास लड़की का शव मिला। लड़की के परिवार वाले पुलिस के समक्ष इस बारे में कुछ भी बताने में दु:ख के कारण असमर्थ दिखे।
इस संबंध में अकबरपुर ओपी अध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि किसी दूसरी जगह दुष्कर्म करने के बाद छात्रा की हत्या की गई है। डढ़वा गांव के समीप शव को फेंक दिया गया है।
छात्रा के दोनों पैर दुपट्टे से बंधे हुए थे और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
