Featuredदरभंगाप्रादेशिक

संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता की मौत, मायके वाले ने ससुराल के दरवाजे पर किया दाह संस्कार।

गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के आलापुर गांव में मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर शव को मायके वालों को सौंप दिया।

आक्रोशित मायके वालों ने शव को श्मशान ले जाने के बजाय उसकी ससुराल पहुंच गए और घर के दरवाजे पर ही अपनी बेटी की चिता सजाकर दाह संस्कार कर दिया। जबरन उसके पति से मुखाग्नि दिलवाई। इसके बाद मायके वालों ने पति समेत ससुराल के छह सदस्यों पर दहेज हत्या की प्राथमिकी कराई है। पुलिस ने नवविवाहिता के आयुर्वेद चिकित्सक पति मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपित घर छोड़कर फरार हैं।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के रामपुर सावना गांव के शम्भू प्रसाद की पुत्री निशा कुमारी (20 वर्ष) की शादी गत 27 फरवरी को मांझागढ़ थाना क्षेत्र के आलापुर गांव के डाक्टर मुकेश कुमार से हुई थी। शादी के हफ्ते भर बाद ही डा. मुकेश के पिता का निधन हो गया। इसके बाद से दंपती में खटपट होने लगी। इसी बीच मंगलवार की रात विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

बुधवार को ग्रामीणों व बेटी के ससुराल वालों के प्रबल विरोध के बावजूद मायके पक्ष के लोग शव के साथ चिता सजाने के लिए लकड़ियां लेकर पहुंचे और उसका दाह संस्कार उसकी ससुराल के घर के बाहर कर दिया। इसकी सूचना पर मांझागढ़ थानाध्यक्ष दिनेश यादव पहुंचे। तब तक शव पूरी तरह जल चुका था। आरोपित पति को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *