Featured

शिक्षा विभाग के कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा


विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति की स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित रूप से उपस्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय भवन, कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा जिन विद्यालयों में किसी प्रकार की कमी है, वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

उन्होंने विद्यालयों में चल रहे निर्माण एवं मरम्मति कार्यों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसमें पाठ्य-पुस्तक, छात्रवृत्ति, पोशाक, साइकिल, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से संबंधित प्रगति की जानकारी ली गई।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री विद्यानंद ठाकुर सहित शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *