समाजसेवी ऋतु रश्मि राठौर ने कहा कि नैना घाट के उप स्वास्थ्य केंद्र की समस्या को लेकर उन्होंने बिहार सरकार के माननीय श्री निशांत कुमार जी

मंत्री, स्वास्थ्य विभाग, को आवेदन के माध्यम से : वर्ष 2021 में स्वीकृत उप स्वास्थ्य केंद्र के अधूरे एवं गुणवत्ताविहीन निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराकर भवन निर्माण पूर्ण कराने तथा जनहित में अविलंब स्वास्थ्य सेवा प्रारंभ कराने के संबंध में।
सविनय निवेदन है कि ग्राम पंचायत राज नैना घाट के ग्राम रन्ना, प्रखंड सदर, जिला दरभंगा में ग्रामीण जनता को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2021 में बिहार सरकार द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी।

सरकार की स्वीकृति के बाद ग्रामीणों में यह उम्मीद जगी थी कि उन्हें अपने गांव के आसपास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। लेकिन अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि स्वीकृति के लगभग पांच वर्ष बाद भी उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है और यहां स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन शुरू नहीं हुआ है।

वर्तमान में उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन अधूरा पड़ा हुआ है तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। भवन निर्माण में उपयोग की गई सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता और मात्रा प्रथम दृष्टया संतोषजनक प्रतीत नहीं होती है। संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के बाद लंबे समय से निर्माण कार्य बंद पड़ा है।
यह स्थिति केवल एक भवन के अधूरे निर्माण का मामला नहीं है, बल्कि सैकड़ों-हजारों ग्रामीणों के स्वास्थ्य अधिकार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है।
विशेष रूप से गरीब परिवारों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी दूर जाना पड़ता है। समय पर उपचार एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
एक ओर सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने एवं अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का संकल्प ले रही है, वहीं दूसरी ओर वर्ष 2021 में स्वीकृत स्वास्थ्य केंद्र आज भी अधूरा पड़ा रहना अत्यंत गंभीर विषय है।
अतः आपसे दृढ़तापूर्वक जनहित में मांग है कि—
उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम रन्ना के अधूरे निर्माण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
. भवन निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, निर्माण की गुणवत्ता एवं कार्य की मात्रा की तकनीकी जांच कराई जाए।
निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने वाली एजेंसी एवं जिम्मेदार पदाधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
. भवन की वर्तमान स्थिति का तकनीकी मूल्यांकन कराकर आवश्यकतानुसार मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से शेष निर्माण/पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।
उप स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण, दवाइयां एवं स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
. ग्रामीण जनता को तत्काल राहत देते हुए उप स्वास्थ्य केंद्र का संचालन अविलंब प्रारंभ कराया जाए।
. इस पूरे मामले में की गई कार्रवाई से संबंधित जवाबदेही एवं प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने की कृपा की जाए।

माननीय मंत्री जी, स्वास्थ्य सुविधा किसी भी नागरिक का बुनियादी अधिकार है। इसलिए वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण जनहित के मामले को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

हमें पूर्ण विश्वास है कि आपकी संवेदनशील पहल से ग्राम रन्ना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वर्षों से प्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हो सकेगी और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचेगा।
