Featured

प्रेक्षागृह, दरभंगा में वित्त विभाग, पटना द्वारा जिले के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण


जेम पोर्टल के माध्यम से सरकारी कार्यालय में सामग्रियों की खरीद सुनिश्चित करने का निर्देश
प्रेक्षागृह, दरभंगा में वित्त विभाग, पटना के तत्वावधान में दरभंगा जिले के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों (DDO) के लिए Government e-Marketplace (GeM) पोर्टल के उपयोग एवं सरकारी सामग्रियों की खरीद प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री शंभू कुमार आर्य ने कहा कि बिहार वित्त नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप सरकारी कार्यालयों में आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी की प्रक्रिया को नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से संपादित किया जाना है।
उन्होंने सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय के लिए आवश्यक किसी भी प्रकार की सामग्री की खरीदारी करते समय GeM पोर्टल का उपयोग सुनिश्चित करें तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन करें।

उन्होंने कहा कि GeM पोर्टल के माध्यम से सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी, सरल एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं एवं खरीद प्रक्रिया की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि सरकारी कार्यालयों में सामग्री की खरीद निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सुगमतापूर्वक की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान वित्त विभाग, पटना से आए मास्टर ट्रेनरों द्वारा निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को GeM पोर्टल के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में GeM पोर्टल पर पंजीकरण, लॉग-इन प्रक्रिया, विभिन्न सामग्रियों एवं सेवाओं की खोज, उपलब्ध विक्रेताओं की जानकारी, उत्पादों की तुलना, खरीद प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऑर्डर प्रक्रिया तथा खरीद के उपरांत की जाने वाली कार्रवाई सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

मास्टर ट्रेनरों द्वारा पदाधिकारियों को GeM पोर्टल के माध्यम से खरीदारी करते समय निर्धारित वित्तीय नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुपालन के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान भी मास्टर ट्रेनरों द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को GeM पोर्टल की कार्यप्रणाली से पूर्णतः अवगत कराते हुए सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं वित्तीय अनुशासन को और अधिक सुदृढ़ करना ।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी तथा संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *