सरकारी डिग्री कॉलेज सिंहवाड़ा में नए शिक्षकों के आगमन से रौनक

बिहार सरकार की ओर से नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिल सकेगा। इसी क्रम में दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड में भी गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, सिंहवाड़ा-सनहपुर की स्थापना की गई है।

खुशी की बात है कि उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार, पटना ने इस नए डिग्री कॉलेज में स्वीकृत छह विषयों—हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र—में कुल बारह शिक्षकों की पदस्थापना की है। इनमें से आठ शिक्षकों ने अपना योगदान दे दिया है और अब विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो गई है।

एक अच्छी बात यह भी है कि अधिकांश शिक्षक देश की प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के शिक्षित एवं प्रशिक्षित हैं। आज कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर मुश्ताक अहमद ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों का स्वागत किया तथा उन्हें क्षेत्र की सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति और यहां के शैक्षिक वातावरण से अवगत कराया।

प्रोफेसर अहमद ने कहा कि सबसे पहले आप सभी शिक्षक ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम का गहन अध्ययन करें और उसी के अनुरूप विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा को मजबूत बनाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सभी नए शिक्षकों ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बिहार में कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे सभी मिलकर कॉलेज में एक बेहतर और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने का हर संभव प्रयास करेंगे।
