Featured

अब नौ अगस्त तक उपशास्त्री में हो सकेगा नामांकन 

 

अभ्यर्थियों को मिला एक और अवसर

कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए उपशास्त्री (सत्र 2026-28) के प्रथम वर्ष में नामांकन के लिए एक बार फिर ऑनलाइन आवेदन का अवसर प्रदान किया है। अब पूर्व में आवेदन करने से वंचित छात्र-छात्राएं 03 अगस्त से 9 अगस्त तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन आवेदन कर सकेंगे। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि

प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न अंगीभूत एवं संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह जाने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने समर्थ पोर्टल को पुनः खोलने का निर्णय लिया है। वहीं, विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. पुरेंद्र वारिक द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि उपशास्त्री सत्र 2026-28 के प्रथम चक्र की नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कई महाविद्यालयों में सीटें खाली रह गई हैं। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की ओर से पुनः आवेदन का अवसर देने की मांग की जा रही थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए कुलपति के निर्देश पर दोबारा आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

विश्वविद्यालय के ओएसडी (शैक्षणिक) डॉ. रामसेवक झा ने बताया कि अधिकांश महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा प्रथम चरण के नामांकन की स्वीकृति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कुलपति के आदेशानुसार समर्थ पोर्टल को पुनः खोला गया है, ताकि अब तक नामांकन से वंचित अभ्यर्थियों को भी प्रवेश का अवसर मिल सके। 10 अगस्त को अभ्यर्थियों की मेधा एवं चॉइस (विकल्प) के आधार पर मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके अनुसार रिक्त सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

इधर समर्थ नोडल सह सूचना वैज्ञानिक डॉ.नरोत्तम मिश्र ने बताया कि शास्त्री एवं आचार्य पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची तैयार कर ली गई है। संशोधित नामांकन शुल्क संरचना को सरकार से अनुमोदन प्राप्त होते ही संबंधित मेरिट सूची प्रकाशित कर नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। इससे इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को भी शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *