एयरपोर्ट टर्मिनल भवन निर्माण कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज निर्माणाधीन दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का निरीक्षण किये निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यकारी एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों से अब तक संपन्न कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के लिए अस्थायी पहुंच पथ (एप्रोच रोड) के निर्माण से संबंधित एलाइनमेंट का भी स्थल निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि एलाइनमेंट इस प्रकार तैयार किया जाए जिससे मुजफ्फरपुर एवं पूर्णिया की दिशा से आने या जाने वाले यात्रियों को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) को पार करने की आवश्यकता न पड़े और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन की व्यवस्था उपलब्ध हो सके। इस संबंध में पथ निर्माण विभाग, पटना से आई सर्वेक्षण टीम ने भी स्थल का निरीक्षण किया तथा प्रस्तावित एलाइनमेंट का तकनीकी परीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए अस्थायी पहुंच पथ के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट,पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री सुनील कुमार, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अभियंतागण तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
