Featured

डीएम की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक

डीएम ने उत्तराधिकार, बटवारा, म्यूटेशन, भूमि मापी एवं सरकारी भूमि चिन्हांकन में तेजी लाने का दिए निर्देश

राशन कार्ड एवं टीबी मुक्त भारत अभियान की भी हुई समीक्षा

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उत्तराधिकार (म्यूटेशन), बटवारा, परिमार्जन, भूमि मापी, सरकारी भूमि चिन्हांकन एवं पर्चा वितरण सहित विभिन्न राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त उत्तराधिकार (म्यूटेशन) एवं बटवारा संबंधी सभी आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी डीसीएलआर एवं अंचलाधिकारियों को सरकारी भूमि का चिन्हांकन कर पात्र लाभुकों के लिए पर्चा तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के अवसर पर पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी अंचलाधिकारी 31 जुलाई तक कम-से-कम 2000 पर्चे तैयार कर लेना सुनिश्चित करें,ताकि समय पर वितरण किया जा सके।

बैठक में परिमार्जन, रिवर्ट बैक एवं म्यूटेशन से संबंधित लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी है, उन मामलों में संबंधित रैयतों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक अभिलेख प्राप्त किए जाएं तथा आवेदन का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

भूमि मापी कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इसमें और अधिक तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अमीन को प्रतिदिन दो से तीन भूमि मापी मामलों में आदेश निर्गत कराने की दिशा में कार्य करना होगा, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके।

बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने राशन कार्ड निर्माण अभियान एवं टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दोनों अभियानों में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *